भाई-भाई में खूनी संग्राम, पेट्रोल डाल घर को बनाया आग का गोला; मां अस्पताल में, पीछे जलता रहा आशियाना, दमकल ने बचाई बस्ती, दोनों भाई हिरासत में

भाई-भाई बने दुश्मन, विवाद के बाद घर में लगाई आग

मां बेटी का इलाज कराने गई थी हल्द्वानी, लाखों का सामान जलकर राख

संवाददाता, रुद्रपुर।

ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के गोविंदनगर में सोमवार शाम पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के बाद दो सगे भाइयों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि एक भाई ने दूसरे पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया, जबकि गुस्से में दूसरे भाई ने घर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार गोविंदनगर गली नंबर-10 निवासी विमला देवी अपने दो बेटों और एक बेटी के साथ रहती हैं। परिवार मजदूरी कर किसी तरह गुजर-बसर करता है। बताया जा रहा है कि विमला देवी अपनी बेटी का इलाज कराने हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल गई हुई थीं। इसी दौरान घर पर मौजूद दोनों भाइयों मोहित और दीपक के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि एक भाई ने दूसरे पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की। इसके बाद गुस्साए दूसरे भाई ने पेट्रोल छिड़ककर कमरे में आग लगा दी। आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम और ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

पुलिस ने दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मोहन चंद्र पांडेय ने बताया कि मामले की सूचना आरोपियों की मां को दे दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।