मेडिकल जांच के दौरान कैदी का खूनी हमला, पुलिसकर्मी पर बरसाए वार; जवाबी फायरिंग में ढेर हुआ हिस्ट्रीशीटर, CCTV से मचा हड़कंप

Share the news

मेडिकल जांच के दौरान कैदी ने पुलिसकर्मी पर किया हमला, जवाबी फायरिंग में मौत

होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर जिले में केंद्रीय जेल से मेडिकल जांच के लिए सरकारी अस्पताल लाए गए एक कैदी ने पुलिसकर्मी पर नुकीली वस्तु से हमला कर फरार होने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की फायरिंग से कैदी की मौत हो गई, जबकि हमले में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मामले की जांच के लिए पुलिस ने टीम गठित की है।

पुलिस के अनुसार मृतक कैदी की पहचान नसीब सिंह के रूप में हुई है, जिसे अन्य कैदियों के साथ रूटीन मेडिकल जांच के लिए सरकारी अस्पताल लाया गया था। मेडिकल जांच पूरी होने के बाद सीनियर कांस्टेबल उसे ई-रिक्शा के जरिए वापस एम्बुलेंस तक ले जा रहा था। इसी दौरान नसीब सिंह ने अचानक पुलिसकर्मी पर धारदार और नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें कैदी और पुलिसकर्मी के बीच झड़प होती दिखाई दे रही है। होशियारपुर के एसएसपी संदीप मलिक ने बताया कि कैदी लगातार पुलिसकर्मी पर हमला कर रहा था। पहले पुलिसकर्मी ने चेतावनी देने के लिए जमीन पर गोली चलाई और उसे काबू करने का प्रयास किया, लेकिन कैदी नहीं रुका। इसके बाद आत्मरक्षा और स्थिति नियंत्रण के लिए फायरिंग की गई, जिसमें कैदी को गोलियां लगीं और उसकी मौत हो गई।

एसएसपी ने बताया कि नसीब सिंह हिस्ट्रीशीटर था और उसके खिलाफ हत्या, गैर इरादतन हत्या तथा एनडीपीएस एक्ट समेत सात गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। उसके पिता भी गंभीर मामलों में जेल में बंद बताए जा रहे हैं।

घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। अकाली दल नेता बिक्रम मजीठिया ने सीसीटीवी फुटेज साझा कर पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *