रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत किच्छा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बंदिया क्षेत्र से एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 594 प्रतिबंधित नशीली गोलियां और नशे के कारोबार से अर्जित नकदी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जिलेभर में अवैध नशा कारोबार और अंतरराज्यीय तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी के नेतृत्व में किच्छा पुलिस टीम द्वारा शुक्रवार को बंदिया क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने सरदारों वाली गली से विरेंद्र सिंह (32) और जसवीर कौर (50) को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 594 प्रतिबंधित BUPRENORPHINE एवं NALOXONE टैबलेट बरामद हुईं। इसके अलावा पुलिस ने नशीली दवाओं की बिक्री से अर्जित बताए जा रहे 35 हजार 300 रुपये नकद भी बरामद किए।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई करने में सक्रिय थे। दोनों के खिलाफ कोतवाली किच्छा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के नेटवर्क और दवाओं की सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी, उप निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, उप निरीक्षक दीपक जोशी, कांस्टेबल देवराज, कांस्टेबल हरेंद्र धामी और महिला कांस्टेबल रेखा आर्य शामिल रहीं।



