खेत में दिखा बाघ, पंतनगर के इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में दहशत

Share the news

पंतनगर। पंतनगर के इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में खेतों के बीच बाघ दिखाई देने से इलाके में सनसनी फैल गई। देर रात खेत में खड़े बाघ को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कुछ लोगों ने बाघ का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। वीडियो वन विभाग तक पहुंचते ही विभागीय टीम रविवार सुबह मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई।

जानकारी के अनुसार पंतनगर, रुद्रपुर और दिनेशपुर क्षेत्र टांडा जंगल से सटे हुए हैं। जंगल से लगे होने के कारण यहां अक्सर जंगली जानवर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर पहुंच जाते हैं। क्षेत्र में पहले भी तेंदुआ, हाथी, हिरण समेत कई वन्यजीव देखे जा चुके हैं। करीब तीन-चार माह पहले सिडकुल क्षेत्र में एक घायल तेंदुआ पहुंच गया था, जिसका वन विभाग ने रेस्क्यू कर उपचार कराया था।

बताया जा रहा है कि शनिवार रात टांडा जंगल से भटककर एक बाघ इंदिरा कॉलोनी के पास खेतों तक पहुंच गया। खेत में मौजूद लोगों की नजर जब बाघ पर पड़ी तो अफरा-तफरी मच गई। हालांकि बाघ ने किसी पर हमला नहीं किया, लेकिन ग्रामीण काफी देर तक सहमे रहे।

वन विभाग की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय अकेले खेतों की ओर न जाने, बच्चों को घर के आसपास ही रखने और किसी भी जंगली जानवर के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की है। साथ ही इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल से सटे क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *