जसपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र में गैर-जमानती वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। हमले में पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि आरोपी अपने साथी को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दो महिलाओं समेत सात नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पतरामपुर चौकी में तैनात उपनिरीक्षक गोविंद सिंह मेहता और कॉन्स्टेबल सुभाष डुंगरियाल देर रात भोगपुर डाम नंबर-2 गांव पहुंचे थे। पुलिस टीम आबकारी अधिनियम के तहत फरार चल रहे गैर-जमानती वारंटी सुखविंदर सिंह पुत्र स्व. बिशन सिंह को गिरफ्तार करने गई थी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी को उसके घर के आंगन से हिरासत में ले लिया था और गिरफ्तारी मेमो तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान आरोपी ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस के अनुसार कुछ ही देर में वारंटी की मां शिलो कौर, पत्नी मंजीत कौर, भाई मंगत सिंह, चचेरा भाई संदीप सिंह, राजू सिंह और जगपाल सिंह उर्फ जस्सा मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी लोग लाठी-डंडों और धारदार पाठल से लैस थे।
उपनिरीक्षक गोविंद सिंह मेहता ने आरोपियों को कोर्ट का वारंट दिखाते हुए सरकारी कार्य में बाधा न डालने की चेतावनी दी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी उग्र हो गए। पुलिस का आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस टीम को घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान शिलो कौर ने पुलिसकर्मियों के हाथ से कोर्ट का वारंट छीनने का प्रयास किया, जिससे वारंट का एक हिस्सा फट गया।
इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। पुलिस के मुताबिक संदीप सिंह ने धारदार पाठल से पुलिस कर्मियों पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। दोनों पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाया, लेकिन हमले में वे घायल हो गए। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फाड़ दी और उनके साथ मारपीट की।
घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख घायल पुलिसकर्मियों को गांव से बाहर निकलना पड़ा। इसी बीच आरोपी अपने साथी सुखविंदर सिंह को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश पांडे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घायल पुलिसकर्मियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया।
उपनिरीक्षक गोविंद सिंह मेहता की तहरीर पर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने, मारपीट, पुलिस हिरासत से आरोपी छुड़ाने समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी पहले भी कच्ची शराब बनाने और तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है।
एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला किया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
वर्कशॉप में तोड़फोड़ के बाद चोरी, बैटरी और कंप्यूटर ले उड़े चोर
रुद्रपुर के तिनपानी क्षेत्र स्थित ऑटोमोबाइल वर्कशॉप को बनाया निशाना, पुलिस जुटी जांच में
रुद्रपुर। शहर के रम्पुरा क्षेत्र से जुड़े तिनपानी इलाके में स्थित एक ऑटोमोबाइल वर्कशॉप में चोरी और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर तड़के वर्कशॉप में घुस गए और वहां रखे कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-5 खेड़ा निवासी संजीव कुमार की केएस ऑटोमोबाइल नाम से वर्कशॉप तिनपानी मेडिसिटी के पास शुक्ला फार्म क्षेत्र में स्थित है। पीड़ित के मुताबिक 10 मई की तड़के एक अज्ञात व्यक्ति वर्कशॉप में घुस आया। आरोपी ने पहले वहां तोड़फोड़ की और बाद में वाहन पार्ट्स, बैटरी और कंप्यूटर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।
सुबह जब वर्कशॉप संचालक मौके पर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा मिला और कई जरूरी उपकरण गायब थे। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
पीड़ित का कहना है कि चोरी के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है।
मामले में एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच की जा रही है।



