नेस्ले का 11.81 लाख का माल लेकर ट्रक हुआ गायब, चालक और ब्रोकर पर गबन की आशंका; सिडकुल से असम के लिए रवाना हुआ था वाहन, पुलिस जांच में जुटी

Share the news

11.81 लाख का माल लेकर ट्रक गायब, ब्रोकर और चालक पर गबन की आशंका
रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र से नेस्ले कंपनी का लाखों रुपये का माल लेकर रवाना हुआ ट्रक संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया है। मामले में कंपनी के सुरक्षा इंचार्ज ने थाना पंतनगर में तहरीर देकर वाहन चालक और ब्रोकर पर माल गबन करने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, रविन्द्र पुत्र के.एल. शाह, निवासी ग्राम अमरपुर जाफरपुर, रुद्रपुर, एक डिलीवरी कंपनी में सुरक्षा इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी कंपनी ने माल परिवहन के लिए ट्रक संख्या RJ11 GB 9168 को ब्रोकर संजय कुमार, निवासी होली चौक आवास विकास, रुद्रपुर के माध्यम से हायर किया था।
बताया गया कि 9 अप्रैल 2026 को उक्त ट्रक में नेस्ले कंपनी, सिडकुल रुद्रपुर से करीब 11 लाख 81 हजार 911 रुपये मूल्य का माल लोड कर असम के गुवाहाटी स्थित ब्रह्मपुत्र इंडस्ट्रियल पार्क भेजा गया था। लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी ट्रक गंतव्य तक नहीं पहुंचा।
कंपनी की ओर से चालक नूहरा के मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन लगातार बंद मिला। इसके बाद कंपनी को माल गबन किए जाने की आशंका हुई। प्रार्थी के अनुसार, मामले की सूचना 13 अप्रैल को ही पुलिस चौकी सिडकुल में दे दी गई थी, लेकिन अब तक वाहन और माल का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पुलिस को दी तहरीर में कंपनी ने चालक और ब्रोकर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए माल बरामद कराने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *