रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक गरीब खोखा संचालक ने फैक्ट्री के सुरक्षा गार्ड पर अवैध वसूली, धमकी और तोड़फोड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए अपनी शिकायत सौंप दी है।
जानकारी के अनुसार केसरी विहार कॉलोनी निवासी गोपाल यादव पुत्र रोशन लाल यादव टाटा बेल्डर कंपनी, सेक्टर-11 के पास खोखा लगाकर खाने-पीने का सामान बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता है। गोपाल का आरोप है कि फैक्ट्री का एक सुरक्षा गार्ड लंबे समय से उसे डरा-धमका रहा था। गार्ड कथित तौर पर हर महीने पांच हजार रुपये की अवैध वसूली करने के साथ मुफ्त में खाना भी खाता था।
पीड़ित के मुताबिक हाल ही में गार्ड ने वसूली की रकम बढ़ाकर दस हजार रुपये प्रति माह कर दी। आर्थिक तंगी के चलते जब गोपाल ने इतनी रकम देने में असमर्थता जताई तो गार्ड गाली-गलौज और धमकी पर उतर आया। आरोप है कि एक मई को गार्ड ने जबरन खोखा बंद करा दिया तथा वहां रखे सामान में तोड़फोड़ कर हजारों रुपये का सामान उठा ले गया।
पीड़ित गोपाल यादव ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की है।


