रुद्रपुर। रम्पुरा क्षेत्र में चाऊमीन के ठेले पर हुए मामूली विवाद ने उस समय सनसनी फैला दी, जब तीन युवकों ने ठेला संचालक पर हमला कर फायरिंग कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक तमंचा, खोखा कारतूस और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 8 मई की देर शाम कोतवाली रुद्रपुर की रम्पुरा चौकी को सूचना मिली कि वार्ड नंबर-22 स्थित चाऊमीन विक्रेता सोमवीर के ठेले पर कुछ युवकों ने हमला कर फायरिंग की है। आरोप है कि संजय कोली, कमल कोली और अमन पांडे नामक युवकों ने पहले ठेले पर पथराव किया और फिर गोली चलाकर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिससे बाजार क्षेत्र में भय का माहौल बन गया।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर एसपी सिटी, एसपी क्राइम और सीओ सिटी के पर्यवेक्षण में पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश देकर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस को 12 मई को सूचना मिली कि दो आरोपी एफएसएल रोड के पास झाड़ियों में छिपे हैं। घेराबंदी कर संजय कोली और कमल कोली को गिरफ्तार कर लिया गया। संजय के पास से 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद हुए, जबकि कमल के पास से अवैध चाकू मिला। वहीं तीसरे आरोपी अमन पांडे को बुधवार को ब्लॉक रोड से गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से भी एक नाजायज चाकू बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार संजय कोली और अमन पांडे के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके खिलाफ गैंगस्टर और अन्य निरोधात्मक कार्रवाई की तैयारी कर रही है।



