रुद्रपुर, 12 मई। ऊधमसिंह नगर में जल संरक्षण और नदियों के पुनर्जीवन को लेकर प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू कर दी है। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित Spring and River Rejuvenation Authority (SARRA) की समीक्षा बैठक में ‘एक जिला एक नदी’ अभियान के अंतर्गत चयनित फीका नदी के संरक्षण और पुनरुद्धार पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में ‘सारा’ टीम ने फीका नदी को पुनर्जीवित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना प्रस्तुत की। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जल संरक्षण और संवर्धन से जुड़े प्रस्ताव शीघ्र नोडल विभाग को उपलब्ध कराए जाएं, ताकि योजना को धरातल पर तेजी से लागू किया जा सके।
सीडीओ ने जिले में गिरते जल स्तर पर चिंता जताते हुए अधिक से अधिक नए तालाबों के निर्माण पर विशेष जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए गए कि सभी विभाग अपनी कार्ययोजना एक सप्ताह के भीतर ‘सारा’ और लघु सिंचाई विभाग को सौंपें। बैठक में वर्ष 2025-26 के कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी वर्ष 2026-27 के लिए फीका नदी और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण का ब्लूप्रिंट भी तैयार किया गया।
बैठक में सदस्य सचिव ‘सारा’ सुशील कुमार, सिंचाई खंड रुद्रपुर के अधिशासी अभियंता भरत सिंह डांगी, काशीपुर के संजय कुमार गुप्ता सहित वन, मत्स्य एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से जुड़कर फीका नदी के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों का भरोसा दिलाया।




