रुद्रपुर की सबसे पुरानी सब्जी मंडी का होगा कायाकल्प, 50 लाख की लागत से बनेंगी आधुनिक दुकानें, शेड, सोलर लाइट और बेहतर सड़क-नाली व्यवस्था, महापौर ने किया शिलान्यास

Share the news

रुद्रपुर। शहर की सबसे पुरानी सब्जी मंडी अब जल्द ही नए और आधुनिक रूप में दिखाई देगी। शनिवार को महापौर विकास शर्मा ने करीब 50 लाख रुपये की लागत से होने वाले सब्जी मंडी पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। व्यापारियों ने महापौर का फूल-मालाओं से स्वागत कर पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से मंडी का कायाकल्प किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से मंडी में जलभराव, कीचड़ और खराब व्यवस्थाओं की समस्या बनी हुई थी। बरसात के समय व्यापारियों और ग्राहकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब इन समस्याओं से राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि नई मंडी में आधुनिक शेड बनाए जाएंगे, ताकि गर्मी और बारिश में व्यापारियों और ग्राहकों को परेशानी न हो। हर व्यापारी के लिए अलग स्टॉल बनाए जाएंगे, जिनमें पानी और बिजली की सुविधा भी रहेगी। मंडी के दोनों ओर नालियां और 16 फीट चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। बीच में ऊंचा प्लेटफॉर्म तैयार होगा, जबकि रोशनी के लिए सोलर लाइट लगाई जाएंगी। मंडी के मुख्य प्रवेश द्वार पर भव्य गेट भी बनाया जाएगा।

महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि रुद्रपुर में मिनी बाईपास, सड़कों के चौड़ीकरण, गांधी पार्क सौंदर्यीकरण और नगर निगम के हाईटेक भवन जैसी कई योजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा नेता, व्यापार मंडल पदाधिकारी, पार्षद और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *