खटीमा पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जनता दरबार में सुनी समस्याएं; अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश, जनप्रतिनिधियों और अफसरों के साथ किया मंथन

Share the news

खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे, जहां उन्होंने आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आया।

मुख्यमंत्री सबसे पहले हेलीपैड पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कैंप कार्यालय लोहियाहेड में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और राजस्व संबंधी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है और प्रत्येक अधिकारी को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासन जवाबदेही के साथ कार्य करे।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा मंत्री विनय रुहेला, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र चौधरी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, एएसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी और तहसीलदार वीरेन्द्र सजवान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *