स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, मिजोरम से लाई गई युवतियां रेस्क्यू, संयुक्त पुलिस कार्रवाई में दो संचालक, ग्राहक समेत पांच गिरफ्तार, गुप्त कमरे से मिली संदिग्ध युवतियां

Share the news

रुद्रपुर। शहर में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के बड़े रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मंगलवार शाम करीब चार बजे एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस और एएचटीयू की संयुक्त टीम ने काशीपुर फ्लाईओवर स्थित “ब्यूटी क्वीन सैलून” और “सेटटेशन स्पा” पर एक साथ छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान टीम को मौके से आपत्तिजनक सामग्री, नगदी और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए। जांच में स्पा सेंटर के अंदर एक गुप्त कमरा भी मिला, जहां कुछ युवतियां संदिग्ध हालत में पाई गईं। महिला पुलिसकर्मियों ने सभी युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

पुलिस ने मौके से दो संचालकों, एक ग्राहक और दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन स्पा सेंटरों में बाहरी राज्यों, खासकर मिजोरम से युवतियों को लाकर उन्हें देह व्यापार में धकेला जाता था।

मिजोरम से जुड़ा नेटवर्क

पुलिस के अनुसार, इस मामले का खुलासा तब हुआ जब इन स्पा सेंटरों में पहले काम कर चुकी दो युवतियों ने मिजोरम में प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि स्पा सेंटरों में जबरन देह व्यापार कराया जाता है। इसके बाद मिजोरम पुलिस ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और छापेमारी के दौरान खुद भी शामिल रही।

जांच टीम ने मौके पर ऑनलाइन पेमेंट डिटेल, कॉल रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज खंगाले हैं, जिससे इस रैकेट के बड़े नेटवर्क और अन्य आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

नाबालिगों की आशंका

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रेस्क्यू की गई पीड़िताओं में कुछ के नाबालिग होने की आशंका है। उनकी सही उम्र का सत्यापन कराया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस दस्तावेजों की गहन जांच में जुटी है और इस देह व्यापार रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *