कोतवाली पंतनगर क्षेत्र के छतरपुर गांव में एक 26 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है। मृतक की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो सिडकुल स्थित एक ऑटोमोबाइल कंपनी में कार्यरत था। घटना के बाद से पूरे परिवार में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकेश सोमवार शाम रोजाना की तरह ड्यूटी से घर लौटा था। रात में खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। मंगलवार सुबह जब वह देर तक बाहर नहीं निकला तो परिजनों को चिंता हुई। करीब साढ़े आठ बजे पिता केशव नाथ ने कमरे का दरवाजा खोला, जहां बेटे का शव फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। यह दृश्य देखकर पिता बेसुध होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आनन-फानन में युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल, पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाई जा सके।




