जंगल की आग बुझाते समय हादसा: दैनिक कर्मी की फिसलकर मौत, सुरक्षा इंतजामों पर उठे गंभीर सवाल

Share the news

जनपद नैनीताल के बिड़ला चुंगी क्षेत्र में जंगल की आग बुझाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। वन विभाग के एक दैनिक कर्मी की पहाड़ी से फिसलकर मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और अस्पताल परिसर में हंगामा खड़ा हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह बिड़ला चुंगी के पास जंगल में आग लगने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। आग पर काबू पाने के प्रयास के दौरान बिड़ला निवासी दैनिक कर्मी आनंद राम अचानक संतुलन खो बैठा और गहरी ढलान में गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसके पास कोई भी सुरक्षा उपकरण मौजूद नहीं था, जिसके चलते गिरने पर उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र के सभासद और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।

पूर्व सभासद दीपक कुमार भोलू ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कर्मियों को बिना फायर सूट, हेलमेट और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के ही आग बुझाने भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होते, तो संभवतः आनंद राम की जान बचाई जा सकती थी।

आक्रोशित लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, वन क्षेत्राधिकारी ललित कार्की ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *