किच्छा से कनाडा जा रहा पार्सल बना ड्रग तस्करी का जरिया, स्टूल के पायों में छिपी 500 ग्राम अफीम दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ी गई

Share the news

किच्छा (ऊधम सिंह नगर):

किच्छा की एक कोरियर सर्विस से कनाडा भेजे जा रहे पार्सल में अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम जांच के दौरान पार्सल में छिपाई गई करीब 500 ग्राम अफीम बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम सक्रिय हो गई और किच्छा पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

सूत्रों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले किच्छा से कनाडा के लिए एक पार्सल बुक किया गया था। दिल्ली एयरपोर्ट पर जांच के दौरान जब पार्सल को स्कैन किया गया, तो उसमें संदिग्ध वस्तु होने की आशंका पर उसे खोला गया। जांच में सामने आया कि पार्सल में रखे चार छोटे प्लास्टिक स्टूल के पायों के अंदर बेहद चालाकी से अफीम छिपाई गई थी।

कस्टम विभाग ने मामले को उत्तराखंड एनसीबी को सौंप दिया, जिसके बाद गुरुवार शाम एनसीबी की टीम किच्छा स्थित कोरियर सेंटर पहुंची। टीम ने कोरियर संचालक से पूछताछ की और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। जांच में पता चला कि एक युवक और एक युवती ने मिलकर यह पार्सल बुक कराया था।

एनसीबी की टीम ने जांच को आगे बढ़ाते हुए पार्सल बुक कराने वाली युवती को सूचना दी कि उसका पार्सल वापस आ गया है। सूचना मिलते ही युवती पार्सल लेने कोरियर सेंटर पहुंची, जहां पहले से मौजूद टीम ने स्थानीय पुलिस की महिला कांस्टेबल की मौजूदगी में उससे कई घंटों तक गहन पूछताछ की।

एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी के अनुसार, एनसीबी की टीम एक गोपनीय मिशन के तहत किच्छा पहुंची थी, जिसमें स्थानीय पुलिस ने पूरा सहयोग किया। फिलहाल मामले में गहराई से जांच जारी है और इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *