सनसनीखेज मामला।
उत्तराखंड के चमोली जिले में एक युवक द्वारा सेना का फर्जी जवान बनकर युवती को प्रेम जाल में फंसाने और फिर उसकी निजी तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 17 अप्रैल को कर्णप्रयाग कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि वर्ष 2024 में उसकी दोस्ती फेसबुक के माध्यम से रुड़की निवासी एक युवक से हुई। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। वर्ष 2025 में दोनों की मुलाकात रुड़की रेलवे स्टेशन पर हुई।
युवक ने अपना नाम कुलदीप भंडारी बताते हुए खुद को सेना में कार्यरत बताया। विश्वास में आकर युवती ने अपनी निजी फोटो और वीडियो उसके साथ साझा कर दिए। इसके बाद आरोपी ने इन्हीं फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
डर के कारण युवती ने आरोपी के खाते में एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उत्तराखंड पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 78(2), 308(4), 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की।
पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर ढंडेरा क्षेत्र से 18 अप्रैल को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर 14 दिन की रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर अजनबियों से दोस्ती के खतरों को उजागर कर दिया है।



