पटाखा फैक्ट्री में मौत का तांडव, 17 मजदूर जिंदा जले, चीखों से दहला इलाका, बार-बार हो रहे धमाकों ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी

Share the news

बड़ी खबर….

तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में रविवार को एक निजी पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। जिले के कट्टानारपट्टी गांव स्थित यूनिट में दोपहर के समय अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें अब तक 17 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब 10 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मी घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे रहे।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल हुए कम से कम छह लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना बनी हुई है।

गौरतलब है कि इससे पहले 13 अप्रैल को भी सत्तूर के पास एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और तीन अन्य घायल हुए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं ने फैक्ट्री सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की पड़ताल की जा रही है। स्थानीय लोगों में इस हादसे के बाद भय और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *