रुद्रपुर में फर्जी पोस्ट से सियासी बवाल, गणेश गोदियाल के नाम पर आपत्तिजनक कंटेंट वायरल, कांग्रेस भड़की, FIR दर्ज, AI दुरुपयोग का आरोप, जांच शुरू

Share the news

रुद्रपुर:

सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्ट को लेकर रुद्रपुर में सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस नेता गौरव खुराना ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नाम से फेसबुक पर एक फर्जी अकाउंट बनाकर आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट वायरल की जा रही हैं।

शिकायत के मुताबिक, इस फर्जी आईडी से एक विशेष समुदाय, खासकर बंगाली समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गईं। पोस्ट में उन्हें “बांग्लादेशी घुसपैठिया” और “मुसलमान” कहकर संबोधित किया गया, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका जताई गई है। इतना ही नहीं, पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मामले में जब गणेश गोदियाल से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इन पोस्टों को पूरी तरह फर्जी बताया। उन्होंने कहा कि यह उनकी छवि खराब करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दुरुपयोग हो सकता है और उनका इस अकाउंट से कोई लेना-देना नहीं है।

विवाद ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब शिकायत में सितारगंज के एक स्थानीय चैनल “नमन सितारगंज” का भी जिक्र किया गया। आरोप है कि चैनल ने बिना सत्यापन के इस फर्जी पोस्ट को वास्तविक इंटरव्यू के रूप में प्रसारित कर दिया, जो पत्रकारिता के नैतिक मानकों के खिलाफ है।

गौरव खुराना ने पुलिस से मांग की है कि फर्जी अकाउंट संचालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, साथ ही भ्रामक खबर चलाने वाले चैनल पर भी कार्रवाई हो। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल को भी सक्रिय किया गया है।

तिलकराज बेहड़ का बयान

किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने पूरे प्रकरण को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दुरुपयोग का मामला बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के बयान को तकनीक के जरिए तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया और कुछ लोगों व चैनलों द्वारा इसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जो बेहद आपत्तिजनक है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास हमेशा से विस्थापितों और कमजोर वर्गों के साथ खड़ा रहने का रहा है। इंदिरा गांधी और जवाहरलाल नेहरू के समय में बंगाली और पंजाबी शरणार्थियों को बसाने, उन्हें जमीन देने और सम्मानपूर्वक जीवन देने का काम कांग्रेस ने किया।

बेहड़ ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष केवल बदनाम करने की राजनीति कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने आज तक इन समुदायों को पूरी तरह स्वीकार नहीं किया और नागरिकता व आरक्षण जैसे मुद्दों पर केवल वादे किए हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले में FIR दर्ज कराई जा रही है और जरूरत पड़ने पर भाजपा के खिलाफ और भी शिकायतें दर्ज की जाएंगी। कांग्रेस इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए कानूनी लड़ाई लड़ेगी।

राजकुमार ठुकराल का बयान

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी इस पूरे विवाद पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि एआई तकनीक का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं की छवि खराब करने की साजिश रची जा रही है। यह लोकतंत्र और राजनीतिक शुचिता के लिए गंभीर खतरा है।

उन्होंने भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान के पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि अतीत में बंगाली समाज के अस्तित्व और अधिकारों पर सवाल उठाए गए थे। ठुकराल ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा इस समुदाय को सम्मान दिया और उन्हें देश की मुख्यधारा में लाने का काम किया।

उन्होंने प्रणब मुखर्जी, अधीर रंजन चौधरी और सोमनाथ चटर्जी जैसे नेताओं का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस ने बंगाली समाज को उच्च पदों तक पहुंचाया।

ठुकराल ने कहा कि तराई क्षेत्र में बंगाली समुदाय को बसाने और उन्हें जमीन का मालिकाना हक देने का कार्य कांग्रेस सरकारों ने किया। उन्होंने आगामी चुनावों में कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए जनता से इतिहास को समझकर सही निर्णय लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *