रुद्रपुर (उधमसिंह नगर)। जिले की पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 558.78 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त कैंटर वाहन भी कब्जे में ले लिया गया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 की रात कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काशीपुर हाईवे पर एक मुखबिर ने सूचना दी कि रामपुर बाईपास से एक कैंटर (UP81 FT 5851) में भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बागवाला फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
वाहन की तलाशी राजपत्रित अधिकारी (सीओ) की मौजूदगी में ली गई। कैंटर में सवार तीनों व्यक्तियों ने पूछताछ में अपने नाम संजय गुप्ता (38), डीटू यादव (26) और मोहित यादव (28) बताए। तलाशी के दौरान तीन स्कूली बैगों में अलग-अलग पैकेट में गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा कैंटर की बॉडी में प्लास्टिक के कट्टों में छिपाकर रखे गए 18 बड़े बंडल भी मिले।
पुलिस ने जब इन बंडलों को खोलकर जांच की, तो उनमें गांजा भरा मिला। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर कुल वजन 558.78 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने सभी गांजे को सील कर कब्जे में ले लिया और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पूछताछ में मुख्य आरोपी संजय गुप्ता ने खुलासा किया कि यह गांजा उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से ‘मुकेश’ नामक व्यक्ति से लाया गया था। इसे रुद्रपुर के भूरारानी क्षेत्र में रहने वाले मुकेश साहनी और राकेश साहनी उर्फ पेंटर को सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब इन आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों से पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। वहीं, वाहन के कागजात भी मौके पर नहीं मिले, जिससे वाहन स्वामित्व की जांच की जा रही है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, संजय गुप्ता के खिलाफ पहले से दर्ज एक अन्य मामले में जारी गिरफ्तारी वारंट का भी अनुपालन किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।




