गौवंश कांड: शादी में कत्लेआम का आरोप, नेता घिरे; ग्रामीणों ने खोला राज, हिंदू संगठनों का अल्टीमेटम, पुलिस ने फिर शुरू की जांच, बढ़ा तनाव

Share the news

गौवंश हत्या मामला फिर गरमाया, ग्रामीणों ने नेता पर लगाया आरोप

रुड़की/हरिद्वार:

झबरेड़ा थाना क्षेत्र के लाठरदेवा शेख गांव में तीन महीने पहले सामने आए गौवंश हत्या के मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। ग्रामीणों द्वारा एक स्थानीय नेता पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद प्रदेश की सियासत और कानून व्यवस्था में हलचल मच गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस भी अब सतर्कता के साथ जांच में जुट गई है।

दरअसल, करीब तीन महीने पहले गांव के नाले में भारी मात्रा में गौवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया था। उस दौरान हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था और नाले से अवशेषों को बाहर निकाला था। पुलिस ने उस समय अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

अब इस मामले में नया मोड़ तब आया जब गांव के ही कुछ लोगों ने चुप्पी तोड़ते हुए कई नामों का खुलासा किया। ग्रामीणों का आरोप है कि एक शादी समारोह के दौरान 10 से अधिक गौवंश की हत्या कर उनका मांस पार्टी में इस्तेमाल किया गया। इसके लिए एक स्थानीय नेता को जिम्मेदार ठहराया गया है। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि राजनीतिक संरक्षण के चलते अब तक इस मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा था।

वहीं हिंदू सेना के प्रदेश अध्यक्ष अनुज बजरंगी ने इस घटना को आस्था पर हमला बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो संगठन सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा।

इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि नए तथ्यों के आधार पर जांच दोबारा शुरू की गई है। एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और सभी आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *