……
हल्द्वानी में आंख के ऑपरेशन के बाद एक श्रमिक की मौत का मामला सामने आया है, जिससे परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और न्याय की गुहार लगाई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला।
जानकारी के अनुसार, रामनगर क्षेत्र के जरसा गांजा गांव निवासी राजपाल की 28 मार्च को पत्थर तोड़ते समय आंख में कंकरी लग गई थी, जिससे उनकी आंख गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए हल्द्वानी के एक निजी आई हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद ऑपरेशन की सलाह दी।
पहले ऑपरेशन के बाद कुछ समय तक दवाइयों के जरिए उपचार चलता रहा, लेकिन बाद में डॉक्टरों ने दूसरी सर्जरी की आवश्यकता बताई। परिजनों के मुताबिक, 15 अप्रैल की शाम करीब साढ़े 6 बजे दूसरा ऑपरेशन शुरू हुआ, जो रात 9 बजकर 40 मिनट तक चला। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत अचानक बिगड़ गई और ब्लड प्रेशर बढ़ने की बात कही गई।
स्थिति गंभीर होने पर परिजन राजपाल को ठंडी सड़क स्थित दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और आई हॉस्पिटल पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि यह मौत डॉक्टरों की लापरवाही का नतीजा है। मृतक आठ बच्चों का पिता था, जिससे परिवार के सामने पालन-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग की है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी ने बताया कि मामले में तहरीर मिल चुकी है और सीएमओ स्तर पर जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



