चलती ट्रेन में तमंचे के दम पर 7 लाख की लूट, बदमाश कूदकर फरार
रुद्रपुर/रामपुर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद के रुद्रपुर से दिल्ली जा रहे दो कारोबारियों के कर्मचारियों के साथ चलती ट्रेन में दिनदहाड़े सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। यूपी के रामपुर जिले में बिलासपुर के पास संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में तीन हथियारबंद बदमाशों ने तमंचे और पिस्टल के बल पर करीब सात लाख रुपये की नकदी लूट ली और चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर की सिंह कॉलोनी स्थित जपनीत ऑटो के कर्मचारी रितिक मंडल और साहिब सिंह ऑटोमोबाइल का सामान खरीदने के लिए दिल्ली जा रहे थे। दोनों कर्मचारियों ने सात लाख रुपये की नकदी को सुरक्षा के लिहाज से अपनी कमर में बेल्ट के जरिए बांध रखा था। बताया जा रहा है कि तीनों बदमाश पहले से ही ट्रेन में सवार थे और मौका मिलते ही उन्होंने दोनों को घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही ट्रेन बिलासपुर के नजदीक पहुंचकर धीमी हुई, बदमाशों ने दोनों कर्मचारियों के सिर पर तमंचा और पिस्टल तान दी। जान से मारने की धमकी देकर उन्होंने कर्मचारियों से नकदी से भरी बेल्ट छीन ली। वारदात के दौरान कर्मचारी पूरी तरह दहशत में आ गए और विरोध नहीं कर सके।
लूट को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद तीनों आरोपी चलती ट्रेन से छलांग लगाकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे डिब्बे में हड़कंप मच गया और यात्रियों में भय का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पर व्यापारियों की भीड़ जुट गई। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पीड़ित कर्मचारियों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। वहीं, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में व्यापारियों ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) से मिलकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
आरपीएफ चौकी प्रभारी संतोष कुमार मीणा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों को पहले से ही नकदी की जानकारी थी और संभवतः किसी अंदरूनी व्यक्ति की टिप पर वारदात को अंजाम दिया गया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
चलती ट्रेन में तमंचे के दम पर 7 लाख की लूट, बिलासपुर के पास वारदात, हवाई फायरिंग के बाद बदमाश कूदकर फरार, सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल



