लालपुर में लापता नवविवाहिता मिली, पुलिस पहुंचते ही दो मंजिला से लगाई छलांग, गंभीर हालत में भर्ती, बंधक बनाने का आरोप निकला संदिग्ध, चार हिरासत में लेकर पूछताछ बाद छोड़े गए

Share the news

लालपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में छलांग, चार हिरासत में लेकर पूछताछ

रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र से लापता नवविवाहिता का मामला उस समय सनसनीखेज मोड़ ले बैठा, जब उसकी लोकेशन लालपुर क्षेत्र में मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला ने दो मंजिला मकान की छत से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल बगवाड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल की सुबह नवविवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। पति द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच पति को महिला का एक वीडियो और ऑडियो प्राप्त हुआ, जिसमें वह रोते हुए खुद को बंधक बनाए जाने की बात कह रही थी। इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने लोकेशन ट्रेस की, जो लालपुर क्षेत्र में मिली।

एसएसआई केसी आर्या, एसएसआई अनिल जोशी व अन्य पुलिस टीम पति को साथ लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची। शुरुआती जांच में मोबाइल फोन बंद मिला, जिससे पुलिस को सटीक स्थान तक पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर बाद पुलिस ने एक मकान में दबिश दी। इसी दौरान पुलिस को देखते ही महिला ने छत से छलांग लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल महिला को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही मकान मालिक सहित एक महिला और कुल चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। हिरासत में लिया गया एक युवक महिला का पुराना परिचित बताया जा रहा है, जिससे उसकी पहचान सिडकुल की एक कंपनी में काम के दौरान हुई थी।

हालांकि, पुलिस जांच में मामला प्रारंभिक तौर पर अलग दिशा में जाता नजर आया। एसएसआई केसी आर्या के अनुसार पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि महिला की शादी करीब एक माह पूर्व ही हुई थी और फिलहाल उसका उपचार जारी है। मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *