रुद्रपुर। नगर निगम के वार्ड नंबर 33 स्थित सिंह कॉलोनी गली नंबर 4 के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में लगभग 50 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, स्थानीय पुलिस और समाजसेवी मौके पर पहुंच गए, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे किलोमीटर संख्या 42/10 के पास काठगोदाम से दिल्ली जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की चपेट में एक व्यक्ति आ गया। हादसे के बाद ट्रेन चालक ने तुरंत ब्रेक लगाए। ट्रेन के गार्ड ने नीचे उतरकर देखा तो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था। गार्ड ने तुरंत जीआरपी रुद्रपुर सिटी स्टेशन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जीआरपी के उपनिरीक्षक संतोष सिंह मीणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, स्थानीय निवासी चौधरी रविंद्र मलिक और समाजसेवी सुशील गाबा भी घटनास्थल पर पहुंच गए। तब तक घायल व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। जीआरपी ने ट्रेन को रुद्रपुर स्टेशन के लिए रवाना कर दिया और आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस को भी सूचित किया।
पुलिस द्वारा मृतक की तलाशी लेने पर उसकी जेब से बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर सुरेश प्रसाद द्वारा दिए गए 200 रुपये के चंदे की रसीद बरामद हुई। हालांकि, उसके पास कोई पहचान पत्र या मोबाइल फोन नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
बाद में भारत सेवा समिति की एंबुलेंस से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। समाजसेवी सुशील गाबा ने लोगों से रेलवे ट्रैक पर पैदल आवाजाही न करने और सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक ट्रेनों की आवाज कम होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।



