संवाददाता, रुद्रपुर।
थाना पंतनगर क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की जेब से सुसाइड नोट भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि सिडकुल चौकी क्षेत्र स्थित ओमेक्स कॉलोनी गेट के सामने गेहूं के खेत में एक पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक आधार कार्ड और सुसाइड नोट मिला। आधार कार्ड से उसकी पहचान लमगड़ा निवासी 25 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सुसाइड नोट की सामग्री और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक द्वारा यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया गया, इसकी गहन जांच की जा रही है। परिवार से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और स्थानीय लोग भी घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




