रुद्रपुर: सिडकुल क्षेत्र में एक कंटेनर चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। गले पर निशान मिलने के बाद मामले को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 43 वर्षीय दर्शन सिंह, निवासी चंपावत, कंटेनर चालक था और शनिवार को माल लेकर दिनेशपुर आया था। रात में उसने कंटेनर सिडकुल स्थित पार्किंग में खड़ा किया और खाना खाने के बाद ड्राइविंग सीट पर सो गया।
रविवार सुबह जब काफी देर तक वह नहीं उठा तो पार्किंग मुंशी ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के गले पर निशान पाए जाने से मामला संदिग्ध हो गया है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।




