रुद्रपुर में गांजा तस्करी का खुलासा, सस्ते में खरीदकर महंगे दामों में सप्लाई करता था आरोपी, 2 किलो से अधिक गांजा और कार सहित गिरफ्तार

Share the news

ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान 2.058 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, साथ ही तस्करी में इस्तेमाल हो रही स्विफ्ट कार को भी सीज कर लिया गया।

घटना 5 अप्रैल 2026 की शाम की है, जब कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम बगवाड़ा मंडी गेट के पास संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार (UK06 AQ6079) रुद्रपुर से किच्छा की ओर जाती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने अचानक गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की, जिससे पुलिस का शक गहरा गया।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा कर उसे बगवाड़ा शिव मंदिर के पास पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम भोला साहनी (31 वर्ष), निवासी सुभाष कॉलोनी रुद्रपुर बताया। तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट के नीचे दो पारदर्शी पन्नियों में गांजा बरामद हुआ।

इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर गांजे का कुल वजन 2.058 किलोग्राम पाया गया। आरोपी गांजा रखने का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने बताया कि वह पिछले डेढ़ साल से गांजे की तस्करी कर रहा है और गदरपुर क्षेत्र से सस्ता माल खरीदकर बगवाड़ा क्षेत्र में सप्लाई करता है।

पुलिस ने मौके पर ही गांजे को सील कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और आरोपी को धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *