ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला. यहां एक कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मारने के बाद करीब 250 मीटर तक घसीट दिया. इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में लापरवाह और तेज रफ्तार ड्राइविंग का एक गंभीर मामला सामने आया है. डॉक्टर कॉलोनी के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक कार के नीचे फंस गई. कार चालक करीब 250 मीटर तक बाइक को घसीटता हुआ आगे ले गया. इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए जानकारी के अनुसार, कार संख्या UP 16 AM 9846 ने बाइक संख्या UK 06 AY 6522 को टक्कर मारी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए. घायलों की पहचान रुद्रपुर निवासी दीपक पुत्र शिवशंकर और रामपुर निवासी प्रेम बाबू पुत्र ओम प्रकाश के रूप में हुई है. घायल युवकों को राहगीरों की मदद से तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि उन्हें गंभीर चोटें आई हैं.
मामले में रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के बाजार चौकी प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. कार को कब्जे में ले लिया गया है. पूरे मामले की जांच की जा रही है. कार को सीज कर दिया गया है. उन्होंने कहा अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है. जैसे ही तहरीर मिलेगी, कार स्वामी और चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान कर जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके.




