रुद्रपुर, संवाददाता:
पांच सितारा होटल में महिला पर्यटक ज्योति शर्मा (40) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। मृतका की बहन वंदना शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने बिजनेस पार्टनर अमित के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले ने तूल पकड़ लिया है और पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
बृहस्पतिवार को रुद्रपुर पहुंची वंदना शर्मा ने एसएसपी को दी शिकायत में आरोप लगाया कि अमित लंबे समय से उनकी बहन को धोखे में रखकर आर्थिक और मानसिक शोषण कर रहा था। उसने ज्योति को होटल बिजनेस में पार्टनर बनाने और शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया। ज्योति ने कारोबार के लिए करीब 38 लाख रुपये का ऋण लिया था। इसके अलावा करीब 200 ग्राम सोना और डेढ़ किलो चांदी भी तैयार कराई थी, जिसे अमित ने साझेदारी के नाम पर हड़प लिया।
वंदना के अनुसार, अमित लगातार शादी का वादा करता रहा, लेकिन जब ज्योति को उसके इरादों पर शक हुआ तो विवाद बढ़ने लगे। मार्च माह में दोनों के बीच हाथापाई भी हुई थी, जिसके बाद 11 मार्च को दिल्ली के लोधी कॉलोनी थाने में मामला दर्ज कराया गया था।
परिजनों का आरोप है कि घटना वाले दिन अमित ज्योति को बहाने से रुद्रपुर के होटल लेकर आया, जहां उसे बीयर और सिगरेट का सेवन कराया गया। इसके बाद संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई। आरोप यह भी है कि घटना के बाद अमित ने कमरे से सबूत मिटाने की कोशिश की।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




