रुद्रपुर के नैनीताल हाईवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घटना रात करीब 11:30 बजे सब्जी मंडी गेट के सामने हुई, जहां क्षतिग्रस्त डिवाइडर से निकले लोहे के एंगल हादसे का कारण बने।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवनगर ट्रांजिट कैंप निवासी सचिन राठौर अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क के बीच बने डिवाइडर से निकले लोहे के एंगल अचानक उसकी गर्दन में घुस गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल सचिन को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे में दूसरे युवक को मुंह पर चोटें आईं, जिसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। स्थानीय लोगों की भी भारी भीड़ जुट गई।
समाजसेवी संजय ठुकराल और गगन ग्रोवर भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारी एसआई जीवन सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।



