आंध्र प्रदेश के मरकापुरम जिले के रायवरम इलाके में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। जगतियाल से कनिगिरी जा रही एक निजी बस की बजरी से लदे तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 13 यात्रियों की जलकर मौत हो चुकी है, जबकि करीब 15 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसा सुबह करीब 6:30 बजे स्लैब खदानों के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक तेज रफ्तार और अनियंत्रित तरीके से चलाया जा रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में तुरंत आग फैल गई और पीछे बैठे कई यात्री बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के समय बस में लगभग 30 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश कनिगिरी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। आग की लपटों ने देखते ही देखते बस और ट्रक को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों वाहन जलकर खाक हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर मरकापुरम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मरकापुरम के विधायक कंदुला नारायण रेड्डी ने घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया। वहीं, पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नागराजू ने बताया कि बचाव अभियान जारी है और शवों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। कुछ शव अभी भी बस के अंदर फंसे होने की आशंका है, जिन्हें बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



