रुद्रपुर के सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब झाड़ियों के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर कुछ स्थानीय लोगों ने सिडकुल क्षेत्र की झाड़ियों के पास एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर युवक की मौत हो चुकी थी। इसके बाद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी इंचार्ज दिनेश बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। प्रारंभिक जांच में युवक की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। तलाशी के दौरान युवक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
हालांकि, पुलिस को युवक की जेब से एक मोबाइल फोन मिला है, जो बंद अवस्था में है। पुलिस अब तकनीकी टीम की मदद से मोबाइल को चालू कर उसमें मौजूद संपर्कों के जरिए मृतक की पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




