गैस सिलिंडर संकट पर हंगामा: सड़क पर उतरीं महिलाएं, घंटों लाइन के बाद भी खाली हाथ, एजेंसी पर लापरवाही के आरोप, समाधान न हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

Share the news

गैस सिलिंडर संकट पर भड़का गुस्सा, महिलाओं ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

रुद्रपुर। कई दिनों से गैस सिलिंडर की किल्लत और एजेंसियों की कथित लापरवाही से परेशान महिलाओं का गुस्सा आखिरकार सड़कों पर फूट पड़ा। रामपुर रोड पर बड़ी संख्या में महिलाएं गैस सिलिंडर लेकर सड़क पर बैठ गईं और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क जाम जैसी स्थिति बन गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि गैस बुकिंग और ऑनलाइन भुगतान करने के बावजूद उन्हें सिलिंडर नहीं मिल रहा है। उनका कहना है कि वे सुबह 5 बजे से लाइन में लग रही हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। महिलाओं ने एजेंसी पर आरोप लगाया कि न तो सही तरीके से पर्ची दी जा रही है और न ही समय पर वितरण किया जा रहा है।

कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें एजेंसी द्वारा दूर स्थित गोदाम भेजा जाता है, जहां पहुंचने में 300 रुपये तक खर्च हो जाते हैं, लेकिन वहां भी सिलिंडर खत्म होने की बात कहकर लौटा दिया जाता है। इस समस्या से केवल ऊधम सिंह नगर ही नहीं, बल्कि दिनेशपुर समेत आसपास के क्षेत्र भी प्रभावित हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। बाद में उन्हें गैस एजेंसी कार्यालय ले जाया गया, जहां शुरुआत में गेट बंद मिला। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद कार्यालय खुलवाया गया।

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सभी उपभोक्ताओं को जल्द गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि, धरातल पर हालात अब भी चिंताजनक बने हुए हैं। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *