10 करोड़ की नकली NCERT किताबों का भंडाफोड़, SSP अजय गणपति का बड़ा एक्शन—SIT गठित, माफिया नेटवर्क पर कसेगा शिकंजा

Share the news

जनपद ऊधमसिंहनगर में अवैध कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने NCERT की नकली किताबों के चर्चित प्रकरण में 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। यह कदम कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र से करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की फर्जी किताबों की बरामदगी के बाद उठाया गया है, जिससे शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने स्वयं संज्ञान लेते हुए जांच को तेज करने के निर्देश दिए हैं। SIT टीम पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात जितेंद्र चौधरी के पर्यवेक्षण में कार्य करेगी। टीम का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर प्रशांत कुमार को सौंपा गया है, जबकि निरीक्षक मनोज रतूड़ी को विवेचक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा एसओजी और कोतवाली रुद्रपुर के कई अनुभवी पुलिसकर्मी टीम में शामिल किए गए हैं।

गौरतलब है कि 14 मार्च 2026 को एक गोदाम से भारी मात्रा में नकली NCERT किताबें और एक ट्रक बरामद हुआ था। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और कॉपीराइट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा है कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी और अवैध कारोबार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। SIT टीम को निर्देश दिए गए हैं कि पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर मुख्य आरोपियों का पर्दाफाश किया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *