रुद्रपुर में हनीट्रैप गैंग सक्रिय: दो युवतियों ने युवक को बुलाकर बनाया वीडियो, वायरल करने की धमकी देकर लाखों की वसूली की कोशिश

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में हनीट्रैप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो युवतियों और उनके साथियों पर युवक को जाल में फंसाकर बंधक बनाने, मारपीट करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है।

रामपुर (उत्तर प्रदेश) के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अक्टूबर माह में उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मिस कॉल आई थी। कॉल बैक करने पर एक युवती ने फोन उठाया और बाद में मैसेज कर अपना नाम नेहा बताया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई और कुछ दिनों तक फोन व व्हाट्सएप के जरिए संपर्क बना रहा।

पीड़ित के अनुसार 19 नवंबर 2025 को युवती ने उसे रुद्रपुर बुलाया और दक्ष चौराहे पर मिलने को कहा। वहां दो युवतियां पिंकी और जोहरा (नेहा) उससे मिलीं। कुछ देर बाद उन्होंने मोमो लेकर घर चलने की बात कही।

आरोप है कि घर पहुंचने के बाद युवक के बाथरूम जाने पर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया गया। तभी दीपक कश्यप और अन्य लोग कमरे में आ गए। आरोपियों ने युवक को बंधक बनाकर उसके हाथ बांध दिए और एक युवती के साथ उसका अश्लील वीडियो बना लिया।

इसके बाद आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर क्यूआर कोड के माध्यम से आठ लाख रुपये की मांग की। पैसे न देने पर आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और उसके पर्स से 14,500 रुपये निकाल लिए।

घटना के बाद मानसिक आघात और लोकलाज के कारण पीड़ित पहले शिकायत नहीं कर सका। अब पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *