टैग लगाने को लेकर विवाद, ठेकेदार के कर्मचारियों पर ई-रिक्शा चालक से मारपीट का आरोप; घायल चालक के समर्थन में ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचे दर्जनों चालक, पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का दिया आश्वासन

Share the news

रुद्रपुर में ई-रिक्शा वाहनों पर टैग लगाने को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि नगर निगम के ठेकेदार के कर्मचारियों ने एक ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद गुस्साए ई-रिक्शा चालक बड़ी संख्या में ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ई-रिक्शा चालकों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से वाहनों में टैग लगाने के लिए ठेकेदार के कर्मचारी लगाए गए हैं, लेकिन ये कर्मचारी अक्सर अभद्र व्यवहार करते हैं और मामूली बात पर विवाद करने लगते हैं। बुधवार को भी टैग लगाने को लेकर एक कर्मचारी और ई-रिक्शा चालक के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद कर्मचारियों ने गुस्से में आकर चालक के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।

घटना से नाराज होकर कई ई-रिक्शा चालक ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंच गए और हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की। कोतवाल मोहन चंद्र पांडेय ने मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद चालक शांत हुए।

वहीं मेयर विकास शर्मा ने कहा कि वाहनों पर टैग लगाने के लिए ठेकेदार नियुक्त किए गए हैं। मारपीट करने वाले कर्मचारियों की जानकारी जुटाई जा रही है। यदि ठेकेदार की संलिप्तता पाई गई तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *