होटल मर्डर केस का खुलासा: लिव-इन पार्टनर और दोस्त ने चुन्नी से गला घोंटकर की युवती की हत्या, हरियाणा के कैथल से दोनों आरोपी गिरफ्तार

Share the news

रुद्रप्रयाग। शहर के एक होटल में युवती की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतका के लिव-इन पार्टनर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को हरियाणा के कैथल जिले के चीका थाना क्षेत्र से पकड़कर रुद्रप्रयाग लाया गया है।

पुलिस के अनुसार 7 मार्च की रात करीब आठ बजे गैलेक्सी होटल से सूचना मिली थी कि एक कमरे में ठहरी युवती बेहोशी की हालत में पड़ी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला कि युवती अपने लिव-इन पार्टनर और उसके दोस्त के साथ 6 मार्च की रात होटल में ठहरी थी।

मृतका की पहचान काजल (30) निवासी पीपली, जिला कुरुक्षेत्र हरियाणा के रूप में हुई। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने 10 मार्च की शाम दोनों आरोपियों अरुण कुमार और अक्षय को हरियाणा के चीका क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आपसी विवाद के बाद दोनों ने चुन्नी से गला घोंटकर युवती की हत्या कर दी और होटल से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *