उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा तमंचा लहराते हुए अपनी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने के बाद वह पुलिस की निगरानी में आ गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों को नशा, ड्रग्स, मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और चौकी बिगवाड़ा की टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया।
पुलिस ने 9 मार्च को कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बृजेश यादव पुत्र जितेंद्र यादव निवासी भगवाड़ा भाटा, थाना रुद्रपुर, जिला उधम सिंह नगर के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने होली के मौके पर अवैध तमंचा लहराते हुए अपनी फोटो खिंचवाई थी और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया था। फोटो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी की तलाश तेज कर दी। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
चौकी बिगवाड़ा प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिंगवाल ने बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।


