अवैध गर्भपात क्लीनिक पर छापा, 25 वर्षीय युवती भर्ती मिली; स्वास्थ्य विभाग-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में क्लीनिक सील, प्रतिबंधित दवाइयां और उपकरण बरामद, नेटवर्क यूपी तक फैला।

Share the news

सितारगंज। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने शक्तिफार्म क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक क्लिनिक पर छापेमारी कर उसे सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान बिना अनुमति गर्भपात कराने का मामला सामने आया। टीम ने मौके से गर्भपात कराने की दवाइयां और कई चिकित्सकीय उपकरण भी बरामद किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग को काफी समय से शक्तिफार्म मुख्य बाजार स्थित गणेश प्राथमिक चिकित्सालय में अवैध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप था कि क्लिनिक संचालिका बिना वैध अनुमति महिलाओं और युवतियों का गर्भपात करा रही है। शिकायतों के आधार पर उप जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप यादव के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार देर शाम पुलिस के साथ क्लिनिक पर छापेमारी की।
निरीक्षण के दौरान टीम को क्लिनिक बिना पंजीकरण संचालित मिलता पाया गया। इसी दौरान एक 25 वर्षीय अविवाहित युवती को गर्भपात के लिए भर्ती किया गया था, जिसे टीम ने मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्लिनिक को सील कर दिया और मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी।
छापेमारी में एमटीपी किट, मिसोप्रोस्टोल की गोलियां, विभिन्न दवाइयां, फोर्सेप्स, नीडल होल्डर समेत कई चिकित्सकीय उपकरण बरामद हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक इस अवैध क्लिनिक का नेटवर्क आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ सीमावर्ती उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *