नशे में बेटे का झगड़ा, मां ने दी फायरिंग की झूठी सूचना; पुलिस जांच में खुला राज, डायल 112 के दुरुपयोग पर महिला पर 10 हजार रुपये का चालान, पुलिस की सख्त चेतावनी

झूठी फायरिंग की सूचना देने पर महिला पर 10 हजार का चालान

रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में डायल 112 पर झूठी सूचना देना एक महिला को महंगा पड़ गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान कर दिया।

जानकारी के अनुसार कोतवाली ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक महिला ने डायल 112 पर सूचना दी कि उसके पुत्र पर कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अकरम अहमद, हेड कांस्टेबल नरेश सामंत और हेड कांस्टेबल किशोर शामिल थे।

मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पूरे मामले की जांच-पड़ताल की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि सूचना देने वाली महिला श्रीमती रानी पत्नी जमुना प्रसाद, जो कैकई जगतपुरा में किराए पर रहती हैं, के पुत्र बोबी चौधरी ने अपने दोस्तों के साथ नशे की हालत में वैगन आर कार से गैस सिलेंडर ढोने वाली गाड़ी को टक्कर मार दी थी।

टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई थी। हालांकि मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने स्पष्ट किया कि फायरिंग की कोई घटना नहीं हुई थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि महिला ने दूसरे पक्ष के युवकों को सबक सिखाने के उद्देश्य से डायल 112 पर फायरिंग की झूठी सूचना दी थी।

पुलिस ने आपातकालीन सेवा के दुरुपयोग को गंभीर मानते हुए महिला के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान किया और चालानी रिपोर्ट न्यायालय भेज दी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डायल 112 आपातकालीन सेवा है, इसका उपयोग केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही करें। झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement