शिक्षा निदेशालय बवाल: हिस्ट्रीशीटर समेत 4 गिरफ्तार, विधायक काऊ प्रकरण में दो मुकदमे दर्ज; मारपीट-तोड़फोड़ पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

देहरादून के रायपुर क्षेत्र स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशक कार्यालय में हुई मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना रायपुर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, बलवा और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में कार्रवाई की है।

थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली, लक्ष्मण नवानी, राकेश थपलियाल और अक्षय राणा शामिल हैं। चारों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

गौरतलब है कि 21 फरवरी को ननूरखेडा स्थित निदेशालय में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ अपने समर्थकों के साथ एक विद्यालय का नाम भूमि दानकर्ताओं के नाम पर रखने के विषय में वार्ता करने पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कार्यालय में कथित रूप से कुर्सियां फेंकने व तोड़फोड़ की घटना हुई। इस मामले में बेसिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल की तहरीर पर विधायक और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

दूसरी ओर विधायक की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल की शिकायत पर भी कुछ अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।