रुद्रपुर’ यूपी में सड़क हादसे का शिकार हुए पैरा बैडमिंटन स्टार मनोज सरकार और मनदीप कौर, हालत स्थिर

Share the news

उत्तराखंड के दो नामी पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों के साथ यूपी में बड़ा सड़क हादसा हो गया। राहत की बात यह है कि दोनों खिलाड़ी फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं और लखनऊ के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

मनोज सरकार और मनदीप कौर सड़क हादसे में घायल हो गए। जानकारी के अनुसार दोनों खिलाड़ी लखनऊ प्रैक्टिस के लिए आ रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में संडीला के पास उनकी कार के सामने अचानक नीलगाय आ गई। पशु को बचाने की कोशिश में ड्राइवर का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार नीलगाय से टकरा गई।

हादसे में ड्राइवर सीट के बगल में बैठे अर्जुन अवार्डी मनोज सरकार को अंदरूनी चोटें आईं, जबकि पीछे बैठी मनदीप कौर भी घायल हो गईं। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को पहले स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखनऊ स्थित Max Super Speciality Hospital, Lucknow रेफर किया गया।

अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. सिद्धार्थ के अनुसार दोनों खिलाड़ियों को अंदरूनी चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। एहतियातन दोनों को आईसीयू में निगरानी में रखा गया है।

गौरतलब है कि रुद्रपुर निवासी मनोज सरकार को वर्ष 2018 में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। कठिन परिस्थितियों में पले-बढ़े मनोज ने अपने जुनून और संघर्ष के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *