एनडीपीएस फरार आरोपी को शरण देने वाला रामपुर निवासी गिरफ्तार, रुद्रपुर में पुलिस पर पथराव मामले से जुड़ा, एक सिपाही हुआ था घायल

Share the news

रुद्रपुर, संवाददाता।

कोतवाली पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को शरण देने के आरोप में रामपुर निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान फरजनद अली उर्फ नन्हे पुत्र कल्लन, निवासी रतनपुरा सुभाली, थाना अजीमनगर, जनपद रामपुर के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पूर्व चौकी बाजार क्षेत्र की सुभाष कॉलोनी में स्मैक तस्करी की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी थी। कार्रवाई के दौरान आरोपियों और उनके साथियों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया था, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था। इस घटना के बाद पुलिस ने मौके से स्मैक के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया था, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए थे।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि फरार एनडीपीएस आरोपी को रामपुर निवासी फरजनद अली ने शरण दी हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रामपुर के अजीमनगर थाना क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिस पर हमले और एनडीपीएस तस्करी के मामलों में फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही है और उन्हें शरण देने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *