काशीपुर के कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ढकिया नंबर एक में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। खनन सामग्री से लदे डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ढकिया नंबर एक शिवनगर निवासी जयपाल सिंह (60) के रूप में हुई है, जो दूध के कारोबार से जुड़े थे।
जानकारी के अनुसार जयपाल सिंह सोमवार सुबह बाइक से अपने घर से गांव के पास रहने वाले बेटे सोनू के घर जा रहे थे। इसी दौरान घर से कुछ ही दूरी पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर में आग लगा दी। घटना के चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही एसपी स्वप्न किशोर सिंह और कोतवाली प्रभारी हरेंद्र चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल डंपर चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।




