खटीमा दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेल और युवा शक्ति को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
सीएम धामी ने बिरिया मझोला क्षेत्र में आयोजित ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट में प्रतिभाग कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और युवाओं के बीच स्वयं बल्लेबाज़ी कर रोमांच भी भर दिया।
नशे की रोकथाम और युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित इस क्रिकेट टूर्नामेंट की मुख्यमंत्री ने सराहना की। यह टूर्नामेंट स्वर्गीय मनीष चंद की स्मृति में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर स्वर्गीय मनीष चंद की माता हरकेश चंद ने मुख्यमंत्री धामी का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास को लेकर लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में सफल राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के बाद अब सरकार आठ प्रमुख शहरों में आठ खेल अकादमियां स्थापित कर रही है, जहां एक हजार एथलीटों को तैयार किया जाएगा। नई खेल नीति के माध्यम से सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सामान्य परिवार का कोई भी प्रतिभावान खिलाड़ी संसाधनों के अभाव में पीछे न रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अनेक प्रतिभाएं हैं, जिन्हें अवसर मिलने पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सकती है।
इससे पहले मुख्यमंत्री धामी अपने तय कार्यक्रम के अनुसार चंपावत दौरे के बाद शाम को अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे। यहां उन्होंने खटीमा महाविद्यालय में आयोजित विंटर कार्निवाल में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। छात्र संघ द्वारा पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम को मुख्यमंत्री ने सराहनीय प्रयास बताया और छात्र संघ के सभी सदस्यों को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और शैक्षणिक आयोजन युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


