रुद्रपुर से लापता नाबालिग लड़की बरामद, राजस्थान निवासी युवक गिरफ्तार, कंपनी में पहचान के बाद साथ ले जाने का आरोप, पुलिस ने कार्रवाई कर कोर्ट में पेशी की तैयारी

Share the news

रुद्रपुर।

कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक नेहा राणा को सौंपी गई है।

पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर 2025 को कोतवाली क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। लड़की बगवाड़ा क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। परिजनों ने कंपनी में साथ काम करने वाले लखबीर सिंह पुत्र प्रदीप, निवासी जनपद गंगानगर, राजस्थान पर लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच उपनिरीक्षक प्रियांशु जोशी को सौंपी गई थी। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सुरागों के आधार पर आरोपी व नाबालिग लड़की की तलाश तेज कर दी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया।

पुलिस ने बताया कि नाबालिग लड़की का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और बयान दर्ज कराए जाएंगे। इसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *