रामपुर में पुरानी रंजिश का खूनी खेल, युवक पर हमला कर की गई फायरिंग

Share the news

रामपुर। जिला रामपुर के थाना बिलासपुर अंतर्गत रुद्रबिलास चौकी क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम डिबडिबा निवासी विक्की अपने साथी श्रवण सिंह के साथ बाइक से ग्रीन पार्क गया हुआ था। देर रात दोनों जब वापस घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।

आरोप है कि डिबडिबा क्षेत्र में दो कारों में सवार युवकों ने पहले जानबूझकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई, जिससे विक्की और श्रवण सिंह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद कार सवार युवक बाइक सवारों के पास पहुंचे और विक्की पर लाठी-डंडों व हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग भी की।

फायरिंग और शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र होने लगे। भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना में विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि श्रवण सिंह को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल विक्की को तत्काल रामपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल पहुंचे स्वजनों ने आरोप लगाया कि यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी आरोपियों द्वारा विक्की की कार पर फायरिंग की जा चुकी है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *