सावधान::: बैंक अधिकारी बनकर भेजी एपीके फाइल, मोबाइल हैक कर खाली किया खाता

Share the news

रुद्रपुर। साईबर ठगों द्वारा बैंक प्रतिनिधि बनकर क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से ढाई लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर साईबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र, रुद्रपुर में तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित खुमान लाल भटपुरिया निवासी शक्ति विहार कॉलोनी, जगतपुरा रुद्रपुर ने पुलिस को बताया कि 22 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को बैंक का प्रतिनिधि बताते हुए क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने की बात कही। इसके बाद ठग ने व्हाट्सएप के माध्यम से एक एपीके फाइल भेजी, जिसे खोलते ही उनका मोबाइल हैक हो गया।

आरोप है कि इसके बाद ठग व्हाट्सएप कॉल पर पीड़ित को लगातार बातों में उलझाता रहा और इसी दौरान उनके एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड से लगातार रुपये कटते रहे। साथ ही उनके बैंक खाते से भी बिना जानकारी के रकम निकाल ली गई। जब पीड़ित के बेटे ने पत्नी के फोन पर कॉल कर बात की और पूरे मामले की जानकारी ली, तब उसे ठगी का शक हुआ। बेटे की सलाह पर पीड़ित ने तुरंत कॉल बंद कर कस्टमर केयर से संपर्क किया, तब जाकर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।

पीड़ित के अनुसार, उनके क्रेडिट कार्ड से 2 लाख 20 हजार 259 रुपये 45 पैसे और बैंक खाते से 15 हजार 48 रुपये, कुल 2 लाख 35 हजार 307 रुपये 45 पैसे की ठगी की गई है। पीड़ित ने बैंक स्टेटमेंट भी तहरीर के साथ संलग्न किए हैं।

साईबर क्राइम पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मोबाइल नंबर, एपीके फाइल व ट्रांजेक्शन डिटेल के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या एपीके फाइल से सावधान रहें और ऐसी किसी भी सूचना पर तुरंत साईबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *