रुद्रपुर। साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें अज्ञात साइबर ठगों ने मोबाइल हैक कर एक युवक के बैंक खाते से ₹1.87 लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़ित सोनू रस्तोगी पुत्र सुरेश चंद्र, निवासी डॉक्टर कॉलोनी, सिविल लाइंस रुद्रपुर ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित के अनुसार 3 जनवरी 2026 को वह वाहेगुरु डायग्नोस्टिक सेंटर में ड्यूटी पर था, तभी दोपहर से उसका मोबाइल अचानक हैंग होने लगा। शाम करीब 3:45 बजे उसके मोबाइल नंबर पर दो अज्ञात नंबरों से कॉल आई, लेकिन कॉल रिसीव करने पर कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जांच करने पर पता चला कि उसके मोबाइल की कॉल, मैसेज और वीडियो कॉल दूसरे नंबर पर फॉरवर्ड हो रहे थे।
शाम तक पीड़ित को उसके एचडीएफसी बैंक खाते से पैसे कटने के कई संदेश मिले। जांच में सामने आया कि खाते से ₹49-49 हजार रुपये के तीन ट्रांजेक्शन और ₹40 हजार रुपये का एक ट्रांजेक्शन कर कुल ₹1,87,000 की अनधिकृत निकासी की गई।
पीड़ित ने उसी दिन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसका एक्नॉलेजमेंट नंबर भी उपलब्ध है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल द्वारा दोषियों की तलाश की जा रही है और पीड़ित की धनराशि वापस दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।




