लालकुआं कोतवाली क्षेत्र से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे-109 पर ट्रांसपोर्ट नगर के पास एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार दोपहर ट्रांसपोर्ट नगर के पास अचानक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूटी सवार दंपत्ति सड़क पर गिर पड़े और पास से गुजर रहे भारी वाहन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी, सीओ, लालकुआं कोतवाल और परिवहन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान बजरी कंपनी, लालकुआं निवासी रामनिवास शर्मा उर्फ पप्पू शर्मा और उनकी पत्नी मालती शर्मा के रूप में हुई है। रामनिवास शर्मा सेंचुरी पेपर मिल में ठेका श्रमिक के तौर पर कार्यरत थे।
परिजनों ने बताया कि दंपत्ति वीआईपी गेट क्षेत्र में परिवार से जुड़ी एक बुजुर्ग महिला के निधन की सूचना मिलने पर वहां जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
एसपी सिटी ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही वाहन को चिन्हित कर कब्जे में लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संयुक्त टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



